Maharajganj Times

MAHARAJGANJ में उड़ीसा की तर्ज पर गूंजा बड़हरा महंथ: भव्य रथयात्रा में उमड़ा जनसैलाब, श्रद्धा में डूबा गांव

Maharajganj
Friday, 27 Jun, 2025
0
644

 

239 साल पुराने भगवान जगन्नाथ मठ से निकली भव्य रथयात्रा, भक्तों ने कंधे पर खींचा रथ, महिला-पुरुषों ने गाए मंगल गीत

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- जनपद के सिसवा ब्लॉक स्थित ग्रामसभा बड़हरा महंथ शुक्रवार को भक्ति, उत्साह और आस्था के रंग में पूरी तरह रंग गया। उड़ीसा के पुरी धाम की परंपरा को जीवंत करते हुए यहां 239 वर्ष पुराने प्राचीन जगन्नाथ मठ से भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को पंद्रह दिनों के एकांतवास के बाद भगवान जगन्नाथ ने भक्तों को दर्शन दिए। रथयात्रा से पूर्व मंदिर के गर्भगृह में मठाधीश महंथ संकर्षण रामानुज दास और पुजारियों द्वारा भगवान का 108 घड़ों की औषधियुक्त जल से स्नान कराया गया। मंगल आरती के बाद रथ पर भगवान को भाई-बहन के साथ विराजमान किया गया। लकड़ी के नंदीघोष रथ को श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ कंधों पर खींचा। अबीर-गुलाल उड़ते रहे, महिलाओं ने मंगलगीत गाए और देव झांकियों ने शोभायात्रा को दिव्यता दी। रथयात्रा ने गांवों का भ्रमण करते हुए हिरणी नदी और बरवां दिगंबर नहर पर पहुंचकर देवमिलन के साथ समापन किया। इसके बाद भगवान को चांदी के सिंहासन पर विराजमान किया गया।रथयात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह की अगुवाई में निचलौल, सिंदुरिया, महिला कांस्टेबल, फायर सर्विस व पीएसी बल के जवान चाक-चौबंद सुरक्षा में तैनात रहे। रामवचन चौहान, ईश्वर मिश्र, पारस तिवारी, नरेंद्र, रमाशंकर समेत हजारों श्रद्धालु इस पावन अवसर पर मौजूद रहे।

<